
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय कन्हर बैरियर पर वाहन जांच के दौरान साल की लकड़ी से लदे ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में 19 साल के लट्ठे लोड थे। परिवहन के लिए प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच में अंतर पाए जाने के बाद विभाग ने ट्रक को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। जब्त लकड़ी और ट्रक की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है।
वन विभाग के अनुसार, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा बानो के नेतृत्व में टीम 7 अक्टूबर की रात कन्हर बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। रात करीब 1 बजे टीम ने ट्रक क्रमांक CG 15 DG/1682 को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान ट्रक में साल की लकड़ी लदी मिली।
वाहन चालक सलीम अंसारी, निवासी भागलपुर, बिहार से लकड़ी के परिवहन से संबंधित परिवहन अनुज्ञा पत्र (टीपी) मांगा गया। वन विभाग की टीम ने प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच करने के साथ ऑनलाइन एनटीपीएस में भी उनका मिलान किया। जांच में दोनों टीपी अलग-अलग पाए गए। इसके बाद लकड़ी से लदे ट्रक को जब्त कर लिया गया।
रामानुजगंज वन परिक्षेत्राधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि जब्त लकड़ी और ट्रक की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें लकड़ी की कीमत करीब 3 लाख रुपये और ट्रक की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस तरह वन विभाग ने करीब 13 लाख रुपये मूल्य की लकड़ी और ट्रक जब्त किया है।
मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) ड़ एवं धारा 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5 (1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 41 नियम (3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जब्ती और कार्रवाई के दौरान वनपाल दयाशंकर सिंह, वनरक्षक राजनाथ सिंह और वनरक्षक पिन्टू कुमार मालाकार मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें…….
Big Breaking : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन, 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस


