
अंबिकापुर। अंबिकापुर में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मैदान में बैठे दो युवकों के सामने अचानक एक फादर एयरगन लेकर पहुंच गए। युवक कुछ समझ पाते, इससे पहले फायरिंग हो गई। एयरगन से निकला छर्रा एक युवक की गर्दन के पिछले हिस्से में जा लगा। दोनों युवक जान बचाकर भागे तो आरोप है कि फादर ने उनका पीछा किया और गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित फादर को हिरासत में लेकर एयरगन जब्त कर ली है।
मामला अंबिकापुर शहर के नमनाकला रिंग रोड स्थित ख्रीस्त मिलन आश्रम परिसर का है। पुलिस के अनुसार खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर शुक्रवार शाम अपने साथी के साथ आश्रम परिसर के मैदान में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान फादर विनोद तिर्की एयरगन लेकर वहां पहुंचे।
बंदूक लेकर सामने आते ही घबरा गए युवक
युवकों के बयान के मुताबिक फादर को एयरगन के साथ देखकर दोनों घबरा गए और वहां से भागने लगे। आरोप है कि इसी दौरान फादर ने ऊपर की ओर एयरगन से फायर कर दिया। गोली के बजाय एयरगन से निकले छर्रे आयुष सोनकर के गर्दन के पिछले हिस्से में जा लगे। घायल होने के बावजूद दोनों युवक किसी तरह वहां से निकलकर अपनी बाइक तक पहुंचे।
एयरगन के बाद गड़ासा लेकर पहुंचने का आरोप
युवकों ने पुलिस को बताया कि फायरिंग के बाद फादर दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथ में गड़ासा था और उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों युवकों ने डायल 112 की मदद ली और अस्पताल पहुंचकर आयुष का उपचार कराया।
चोरी के शक की भी सामने आई बात
घटना के पीछे चोरी का संदेह होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि फायरिंग और धमकी देने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। युवकों का कहना है कि वे बचपन से इस मैदान में खेलते आ रहे हैं। आश्रम की चारदीवारी कई जगह से टूटी हुई है और मैदान खुला होने के कारण मोहल्ले के बच्चे और अन्य लोग भी वहां आते-जाते हैं।
शिकायत के बाद पुलिस ने फादर को हिरासत में लिया
घायल युवक के उपचार के बाद दोनों सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि विनोद तिर्की को हिरासत में लिया गया है। एयरगन जब्त कर ली गई है और मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घायल युवक का मुलाहिजा कराया गया है। पुलिस अब आश्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ करेगी।
इसे भी पढ़ें…………


