हजारीबाग। गायत्री शक्तिपीठ हजारीबाग के मुख्य ट्रस्टी मनोज सिन्हा पिछले कई माह से ओकनी मुहल्ला वार्ड-19 को चमकाने की कोशिश में लगे हैं। खासकर यहां के स्लम एरिया भुइयां टोली में गरीब बच्चों की मुफ्त शिक्षा, पढ़ाई का महत्व और साफ-सफाई अभियान की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। वह बैंक में अधिकारी थे। जब से सेवानिवृत्त हुए हैं, खुद को सामाजिक गतिविधियों में झोंक रखा है। वह ओकनी भुइयां टोली के बच्चों को अनुशासन, संस्कार और व्यवहारिक ज्ञान मुफ्त में बांट रहे हैं। उन्हें जीवन जीने के सलीके और शिक्षा के अनमोल महत्व से अवगत भी करा रहे हैं।
इधर साफ-सफाई अभियान में उन्होंने मुहल्ले वासियों को भी जोड़ा है। विश्व पर्यावरण दिवस के दिन भी उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया था। अब उसी अभियान को नियमित करने के लिए वार्ड-19 के दर्जनों लोगों ने हस्ताक्षर कर नगर आयुक्त को पत्राचार किया है। उसमें ओकनी मुहल्ला के स्लम एरिया में फैली गंदगी पर नगर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया है।
पत्र में कहा गया है कि हर दिन सफाई अभियान को जमीनी अमलीजामा पहनाने के लिए उन्हें एक सप्ताह नगर निगम का सहयोग चाहिए। नगर निगम कुछ सफाईकर्मी, ट्रैक्टर, जेसीबी, ठेला आदि का प्रबंध कर दे, तभी ओकनी भुइयां टोली की तस्वीर बदल जाएगी।
हस्ताक्षर करनेवालों में वीणा देवी, मिथिलेश श्रीवास्तव, अनुज शर्मा, उषा कुमारी, सुमन कुमार बक्शी, नीतू सिन्हा, रूपेश कुमार सिन्हा, संजय कुमार, संतोष कुमार, सुनीता देवी, शिवनारायण उपाध्याय, ध्रुव नारायण उपाध्याय, धनेश्वर वर्मा, दीपक, विमला देवी, शोभा देवी, जीतू राम, अर्चना देवी, बबीता प्रसाद, अंजलि उपाध्याय, मनीष, आर्या सुमन, रोहित आदि के नाम शामिल हैं।
ये भी पढ़िए………