
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को राजधानी दिल्ली में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के कार्यालय के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी झड़प भी देखने को मिली।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी NTA कार्यालय के भीतर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसी दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने लगे, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका कहना है कि छात्र सालभर मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक और अव्यवस्थाओं के कारण उनकी मेहनत पर सवाल खड़े हो जाते हैं। संगठन ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर पेपर लीक के गंभीर आरोप सामने आने के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दी थी। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
मामले की जांच फिलहाल CBI को सौंपी गई है। जांच एजेंसी पेपर लीक नेटवर्क, परीक्षा केंद्रों और संदिग्ध लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। वहीं छात्र संगठन लगातार परीक्षा प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता की मांग उठा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें…………
राजधानी रांची में बीच सड़क फायरिंग : बस को बनाया निशाना; पुलिस ने खदेड़कर एक बदमाश को दबोचा
