
बलरामपुर। रामानुजगंज की वन वाटिका को पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। शुक्रवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने यहां 1.49 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले ईको पर्यटन विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
योजना के तहत वन वाटिका में बाल वाटिका, जल वाटिका और सौंदर्य वाटिका विकसित की जाएगी। नौका विहार, पैडल बोट, ओपन जिम और बच्चों के खेलने की सुविधाओं से सुसज्जित होने के बाद यह स्थल जैव विविधता पार्क के रूप में भी पहचान बनाएगा।
रामविचार नेताम ने कहा कि वन वाटिका रामानुजगंज का ऑक्सीजन जोन है और इसके विकास से शहर को एक बेहतर हरित सार्वजनिक स्थल मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जिन्हें अब तक व्यापक पहचान नहीं मिल पाई है। यहां पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
वन वाटिका में पर्यटन से जुड़ी सेवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, ताकि स्थानीय युवा इस क्षेत्र में काम करने के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से वन वाटिका का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वनमंडल बलरामपुर की ओर से पर्यावरण वानिकी योजना के तहत इस परियोजना का प्रस्ताव 1 अगस्त 2026 को भेजा गया था, जिसे 1 सितंबर को स्वीकृति मिली। कृषि मंत्री ने कहा कि कम समय में स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वन वाटिका का उन्नयन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम में वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने बताया कि पार्क का विकास पांच अलग-अलग विषयों पर आधारित होगा। पहले चरण में बाल वाटिका, जल वाटिका और सौंदर्य वाटिका पर काम किया जाएगा। बाल वाटिका में बच्चों के खेलने का क्षेत्र, तीन पैगोड़ा और सूचना पट्ट लगाए जाएंगे। जल वाटिका में नौका विहार को बेहतर बनाने के लिए तैरता हुआ मंच और पैडल बोट की सुविधा विकसित होगी। इसके अलावा आरसीसी पुल, सुरक्षा घेराबंदी, टो-वॉल और बांध की गहराई बढ़ाने के कार्य किए जाएंगे। इससे जलक्षेत्र का विस्तार करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
सौंदर्य वाटिका के अंतर्गत उद्यान का उन्नयन, खुला व्यायाम केंद्र, बैडमिंटन कोर्ट के लिए छत, शौचालय और पेयजल के लिए जल फिल्टर लगाए जाएंगे। बाजपेयी ने कहा कि स्थानीय वनस्पतियों और जलीय जैव विविधता के संरक्षण के साथ विकसित होने वाला यह पार्क विद्यार्थियों के लिए प्रकृति को समझने का केंद्र बनेगा। साथ ही नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सुकून के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।

नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने वन वाटिका के विकास को नगर के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसके विकसित होने से शहर को सुंदर और हरित सार्वजनिक स्थल मिलेगा तथा स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर के अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव, मितगई के सरपंच श्यामलाल मरावी सहित जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें………
कन्हर बैरियर पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 साल लट्ठा से लदा ट्रक जब्त


