
पटना। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान बुधवार को अलग-अलग घाटों पर बड़ा हादसा हो गया। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान कुल 11 लोग डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। छह लोगों की तलाश अभी जारी है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू अभियान में जुटी है।
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के बाद तीन युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान तीनों डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10) और सुजीत कुमार (15) गंगा में डूब गए। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा में डूब गए। दोनों की तलाश की जा रही है। थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है।
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास गंगा नदी में छह युवक मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को बचा लिया, जबकि तीन नदी में डूब गए। इनमें देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार का शव बरामद कर लिया गया। वहीं गोलू कुमार और बलवीर कुमार की तलाश जारी है। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार अंचलाधिकारी को घटना की जानकारी दे दी गई है और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
इसे भी पढ़ें…….
करमा पूजा के बाद खूनी विवाद, टांगी से युवक पर जानलेवा हमला; आरोपित गिरफ्तार


