
हजारीबाग। बारिश ने एक पुराने मकान की कमजोर दीवार को तो गिरा दिया, लेकिन उसके मलबे से जो सामने आया, उसने पूरे गांव को हैरान कर दिया। टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव में दीवार ढहने के बाद मलबा हटाया जा रहा था, तभी उसके भीतर दबा एक पुराना मिट्टी का गगरा मिला। गगरा नीचे गिरते ही टूट गया और उसके अंदर रखे चांदी के पुराने सिक्के आंगन में बिखर गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि अमनारी गांव में एक संयुक्त परिवार का पुराना मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। इसी दौरान मिट्टी से बनी दीवार अचानक ढह गई। परिवार के सदस्य जब मलबा हटाने में जुटे तो उन्हें दीवार के भीतर दबा हुआ एक पुराना मिट्टी का गगरा दिखाई दिया।
गगरा नीचे गिरकर टूट गया और उसके अंदर रखे चांदी के पुराने सिक्के बाहर निकल आए। अचानक सामने आए इस दृश्य को देखकर परिवार के सदस्य भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में इसकी जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
यह मकान रामचंद्र महतो, सुरेश महतो, संतोष प्रसाद, बुधन महतो, बालेश्वर महतो और नंदु महतो के संयुक्त परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के बीच सिक्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे पूर्वजों की पुरानी जमा पूंजी बता रहा था तो कोई इसके ऐतिहासिक महत्व की संभावना जता रहा था।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, सिक्कों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। खबर लिखे जाने तक सिक्के और मलबा उसी स्थिति में मौजूद थे, जिस स्थिति में दीवार गिरने के बाद उन्हें बरामद किया गया था।
दीवार में क्यों छिपाए जाते थे सिक्के?
ग्रामीणों का मानना है कि पुराने समय में बैंकिंग सुविधाएं नहीं होने के कारण लोग अपनी जमा पूंजी, चांदी के सिक्के, आभूषण और अन्य कीमती सामान मिट्टी के बर्तनों में रखकर घर की दीवारों या जमीन के भीतर छिपाकर रखते थे।
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि बरामद गगरा भी परिवार के पूर्वजों द्वारा सुरक्षित रखी गई किसी पुरानी धरोहर का हिस्सा हो सकता है।
किस दौर के हैं सिक्के, अभी रहस्य
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद सिक्के किस कालखंड के हैं और उनकी संख्या कितनी है। इनके ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यदि संबंधित विभाग या पुरातत्व विशेषज्ञ इन सिक्कों की जांच करते हैं तो इनके पीछे छिपे इतिहास से जुड़े कई रोचक तथ्य सामने आ सकते हैं।
फिलहाल बारिश में गिरी एक पुरानी दीवार के भीतर से निकला चांदी के सिक्कों से भरा गगरा अमनारी गांव में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें……


