
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के थाना पस्ता पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई मुखबिर और गौरक्षकों से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पहले मामले में सेमरसोत जंगल क्षेत्र से 12 बैलों को कथित रूप से झारखंड ले जाते हुए छह आरोपितों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार सभी बैलों को पैदल हांककर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और गौरक्षकों ने घेराबंदी कर मवेशियों को मुक्त कराया। इस मामले में पुलिस ने 12 बैल जब्त किए हैं तथा पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।
वहीं दूसरे मामले में मंडी बैरियर के पास एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में 11 पड़िया (बछिया) कथित रूप से ठूंस-ठूंसकर भरी गई थीं। पुलिस ने वाहन सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार कर 11 मवेशियों को जब्त किया है।
दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मवेशी तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें……..

