
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब में दोनों बच्चियों का शव मिलने के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत बच्चियों की पहचान पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की आठ वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी के रूप में हुई है।
बताया गया कि दोनों बच्चियां मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में ग्रामीणों ने दो शव तैरते देखे। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही श्री बंशीधर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लकड़ी चुनने के दौरान दोनों बच्चियां तालाब के पास पहुंच गईं और नहाने या पानी लेने के दौरान गहरे पानी में चली गईं, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
इसे भी पढ़ें……..

