
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में चोरी के आरोप में दो युवकों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दोनों युवकों के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के छिंदिया गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के दो युवक धनसाय (35) और मुकेश (25) पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को पंप ले जाते समय पकड़ लिया गया था।
इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों युवकों को कथित तौर पर सजा देने के नाम पर उनके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी गई। इतना ही नहीं, चोरी का सामान भी उनके कंधों पर लाद दिया गया और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पीड़ित युवकों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि पंप चोरी के आरोप में ग्रामीणों द्वारा दो युवकों को गांव में घुमाने की जानकारी मिली है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान यदि मारपीट या कानून हाथ में लेने की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में इस तरह की यह एक महीने के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में भी चोरी के शक में एक युवक का आधा सिर मुंडवाकर और गले में जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने का मामला सामने आया था।
इसे भी पढ़ें…………
छह दशक पुरानी सियासत का अंत : विजय के हाथों आई तमिलनाडु की कमान
