
कोडरमा, 09 मई (हि.स.)। जिले के सतगावां प्रखंड के टेहरो पंचायत अंतर्गत नंदूडीह गांव में शुक्रवार की देर रात वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात जब परिवार के सदस्य अपने घर में थे, तभी अचानक गरज के साथ तेज बारिश शुरू हुई। इसी दौरान जोरदार आवाज के साथ घर पर आकाशीय बिजली गिरा।
इसकी चपेट में आने से प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (42 ), उनका पुत्र अंकित कुमार (12 ) और फुआ मुन्द्रिका देवी (60 ) गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना अचानक हुई और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी गांव पहुंची। वहीं जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। शनिवार को मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें………….

