
बलरामपुर। प्रदेश में जारी सुशासन तिहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा सरगुजा संभाग में केंद्रित रहेगा। भीषण गर्मी के बीच वे आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजधानी रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सरगुजा संभाग के दौरे पर रवाना होंगे। वे सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत शांतिपारा में आयोजित जन चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ उनके त्वरित निराकरण के निर्देश भी अधिकारियों को देंगे।
जन चौपाल के बाद मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव जशपुर जिला होगा, जहां वे क्षेत्रीय विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। इसके पश्चात दोपहर बाद मुख्यमंत्री बलरामपुर पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, ताकि शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
गौरतलब है कि मई की तपती गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री साय आमजनों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दे रहे हैं। शाम के समय बलरामपुर में आयोजित बैठक के बाद वे विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मंडलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे, जहां स्थानीय मुद्दों और विकास से जुड़े सुझावों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री साय का बलरामपुर में ही रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। वहीं, अगले दिन 4 मई को वे जिले में आयोजित किसी समाधान शिविर में शामिल हो सकते हैं। इस संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री सुशासन तिहार के अगले चरण के लिए रवाना होंगे।
इसे भी पढ़ें…………..
झारखंडः हजारीबाग में करोड़ों की बैंक डकैती में सरगना समेत तीन गिरफ्तार, सोना और नकदी बरामद

