
पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राहक बनकर आए एक शातिर युवक ने दुकानदार को झांसा देकर लाखों के गहने पार कर दिए और फरार हो गया।
उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास एक आभूषण दुकान में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे चोरी की वारदात सामने आई। ‘विश्वनाथ ज्वेलर्स’ में एक युवक ग्राहक बनकर दाखिल हुआ और आराम से गहने देखने लगा।
दुकान मालिक विश्वनाथ दत्ता के बेटे अभिजीत के मुताबिक, युवक ने काफी देर तक अलग-अलग आभूषण देखे और उनमें से एक पसंद करने का नाटक किया। उसने विश्वास जीतने के लिए एक हजार रुपए एडवांस भी दिया और शाम को आकर गहना ले जाने की बात कहकर वहां से निकल गया।

संदेह होने पर खुला मामला
युवक के जाने के बाद अभिजीत को कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ। जब उन्होंने गहनों की जांच की, तो एक डिब्बे से कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया, जिसमें साफ दिखा कि युवक चालाकी से गहने लेकर फरार हो गया। दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 22 से 23 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है।
पहले ही बना चुका था भरोसा
इस वारदात की खास बात यह है कि आरोपी एक दिन पहले भी उसी दुकान पर आया था। उसने करीब 5700 रुपए के गहने खरीदे थे, जिससे दुकानदार का भरोसा जीतने में सफल रहा। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने अगले दिन बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें………..

