
देवघर। आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए पटना के एक युवक ने चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा दौड़कर पूरी करने का बीड़ा उठाया है। मां की सेहत के लिए की गई मन्नत पूरी होने के बाद वह इस कठिन यात्रा पर निकल पड़ा है।
पटना के बेऊर इलाके के रहने वाले 19 वर्षीय मोनू बेतुराबाला ने आस्था और संकल्प की मिसाल पेश की है। उन्होंने चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा दौड़कर पूरी करने का निर्णय लिया है। मोनू ने 15 मार्च को अपनी यात्रा की शुरुआत की और प्रतिदिन करीब 50 किलोमीटर दौड़ते हुए अपने पहले पड़ाव बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। देवघर पहुंचने पर स्थानीय युवाओं ने उनका स्वागत किया और पूजा-अर्चना में सहयोग किया।
मोनू ने बताया कि उनकी मां लालती देवी की तबीयत खराब होने पर उन्होंने भगवान से मन्नत मांगी थी। उन्होंने संकल्प लिया था कि मां के स्वस्थ होने पर वे दौड़कर यह पूरी धार्मिक यात्रा करेंगे। मां के स्वस्थ होने के बाद उन्होंने अपने वचन को निभाने के लिए यह कठिन सफर शुरू किया।
अब उनका अगला पड़ाव चार धामों में शामिल जगन्नाथ पुरी मंदिर है। देवघर से पुरी तक की दूरी तय करने में उन्हें एक महीने से अधिक समय लग सकता है। मोनू के अनुसार, पूरी यात्रा को पूरा करने में एक साल से अधिक का समय लगेगा। इस दौरान उनके दोस्त दीपांशु भी उनका सहयोग कर रहे हैं।
यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि युवाओं के लिए दृढ़ निश्चय और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण भी बन रही है।
इसे भी पढ़ें………..

