
पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले में एक लापरवाही भरा दृश्य बड़े हादसे का कारण बन सकता था, लेकिन समय रहते अनहोनी टल गई। हिरणपुर प्रखंड मुख्यालय में एक यात्री बस के संपर्क में आने से बिजली का तार टूट गया, जिससे पूरे इलाके में घंटों अंधेरा छाया रहा।
पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सुभाष चौक के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री बस बिजली के झूलते तार से टकरा गई। हादसे में तार टूटकर गिर गया, जिससे प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
जानकारी के मुताबिक ‘रग्बी’ नामक यह बस रांची से राजमहल जा रही थी। घटना के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और सभी लोग एहतियातन नीचे उतर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह एक बड़ा हादसा बन सकता था, लेकिन राहत की बात यह रही कि टूटे हुए तार में बह रही बिजली बस तक नहीं पहुंची। यदि करंट बस में फैल जाता, तो गंभीर जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार काफी नीचे लटक रहा था। बस की ऊंचाई के कारण वह तार में उलझ गया और झटके से टूटकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और ढीले तारों को दुरुस्त करने की मांग की।
इस घटना ने एक बार फिर विद्युत विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तारों की मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं।
ये भी पढ़िए………….
रायगढ़ में डेढ़ एकड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़, झारखंड कनेक्शन आया सामने; एक आरोपी हिरासत में

