
बलरामपुर। तातापानी में आज आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए महिलाएं कलश लेकर तैयार हैं, वहीं पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य के माध्यम से भव्य स्वागत किया जाएगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। बस कुछ ही देर में मुख्यमंत्री तातापानी पहुंचने वाले हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सबसे पहले रेस्ट हाउस स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके पश्चात वे सीधे तातापानी मंदिर स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री विशाल शिव प्रतिमा के पास स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर संक्रांति पर्व का उत्सव मनाएंगे, जो महोत्सव का विशेष आकर्षण होगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास, योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़े स्टालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।

महोत्सव के मुख्य मंच से मुख्यमंत्री जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, पेयजल, खेल और नगरीय विकास से जुड़े इन कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण से बलरामपुर जिले के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तातापानी में उत्सव जैसा माहौल है। प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है और श्रद्धालुओं व आम नागरिकों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
ये भी पढ़िए………
