
बलरामपुर। प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी विकासखंड में बन रही एक सड़क ने इन दावों की पोल खोल दी है। निर्माण पूरा होने से पहले ही सड़क की परतें उखड़ने लगी हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और अविश्वास गहराता जा रहा है।
धनेशपुर से आश्रित ग्राम छुराकोना तक करीब 3 किलोमीटर लंबी डामर एवं सीसी सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है, लेकिन सड़क की हालत देखकर ग्रामीण हैरान हैं। करीब 1 करोड़ 91 लाख 25 हजार रुपये की लागत से बन रही यह सड़क इतनी कमजोर बताई जा रही है कि सफाई के दौरान झाड़ू लगाते ही डामर और गिट्टी उखड़कर सड़क पर ढेर हो जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क की सतह सामान्य रगड़ भी नहीं झेल पा रही, वह पहाड़ी क्षेत्र की तेज बारिश और भारी वाहनों के दबाव में कैसे टिक पाएगी। ग्रामीणों को आशंका है कि सड़क बनने के कुछ ही महीनों में पूरी तरह जर्जर हो जाएगी।
ग्रामीणों के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरी तरह ठेकेदार की गैरमौजूदगी में बाहरी लेबर और मुंशी के भरोसे कराया जा रहा है। मौके पर न तो ठेकेदार की निगरानी है और न ही गुणवत्ता की कोई ठोस जांच। उनका कहना है कि कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। निर्माण में घटिया बालू, तय मानक की 60 एमएम गिट्टी के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री, सीमेंट में स्टोन डस्ट की अधिक मिलावट और स्तरहीन रेत के उपयोग के आरोप लगाए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया
कुसमी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि डामर को हाथ से ही उखाड़ा जा सकता है। उन्होंने इसे केवल औपचारिकता निभाने वाला काम बताया और कहा कि ग्रामीणों में इसे लेकर भारी नाराजगी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर कुछ ग्रामीणों को डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
वहीं, कुसमी ब्लॉक के सरपंच संघ अध्यक्ष संतोष इंजीनियर ने भी सड़क की स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई और इसकी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
कार्यपालन अभियंता गोपाल सिंह सिदार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि निर्माण कार्य तय मापदंडों के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन सड़क पर विभागीय वाहनों की आवाजाही के कारण कुछ स्थानों पर गिट्टी उखड़ी है, जिसे अंत में दुरुस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मार्च महीने तक सड़क का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़िए…………

