नई दिल्ली। आज से लगभग 59 वर्ष पहले आज ही के दिन भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बने थे। साफ-सुथरी छवि तथा सादगी के लिए प्रसिद्ध शास्त्री जी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद 09 जून 1964 को प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण किया था। वह करीब 18 महीने तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
लालबहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा वाराणसी में प्राप्त की। बाद में स्नातक के लिए काशी विद्यापीठ पहुंचे। यहां उन्हें “शास्त्री” की उपाधि मिली थी। वे महात्मा गांधी से काफी प्रेरित थे। उन्हीं से मिली प्रेरणा के बाद उन्होंने 1920 में असहयोग आंदोलन में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई। फिर भारत छोड़ो आंदोलन और नमक सत्याग्रह जैसे कई आंदोलनों में भाग लिया और इसकी वजह से कई बार जेल भी गए।
भारत के आजाद होने के बाद लालबहादुर शास्त्री ने कांग्रेस सरकार में मंत्री पद संभाला। 27 मई 1964 को पंडित नेहरू के निधन के बाद शास्त्री प्रधानमंत्री बने। 09 जून 1964 से 11 जनवरी 1966 तक वे प्रधानमंत्री पद पर आसीन रहे। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया था। उनके नेतृत्व में 1965 के युद्ध में भारत ने पाकिस्तान को घुटने टेकने को मजबूर कर दिया था। 11 जनवरी को 1966 को लालबहादुर शास्त्री का उज्बेकिस्तान के ताशकंद में निधन हो गया। उनकी मौत का कारण आज तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
लाल बहादुर शास्त्री को उनकी सादगी, देशभक्ति और ईमानदारी के लिये आज भी पूरा देश श्रद्धापूर्वक याद करता है। उन्हें मरणोपरान्त वर्ष 1966 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़िए…………