
रांची। रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई एक निजी एयर एम्बुलेंस की उड़ान अचानक रहस्यमय हालात में लापता हो गई। सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू-करमटांड़ जंगल में संदिग्ध धातु के टुकड़े मिलने के बाद संभावित विमान दुर्घटना की आशंका गहरा गई है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी तरह की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन घटनाक्रम ने प्रशासन और विमानन एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी चार्टर एयर एम्बुलेंस ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से शाम 7:11 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान सामान्य रही, लेकिन शाम 7:34 बजे अटाली क्षेत्र के पास एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका अंतिम संपर्क दर्ज किया गया। इसके बाद विमान से रेडियो संचार पूरी तरह टूट गया। पायलट की आखिरी बातचीत कोलकाता क्षेत्र के एटीसी, यूकेडब्ल्यू वीईसीसी (VHF फ्रीक्वेंसी 132.25 मेगाहर्ट्ज) पर हुई थी।
वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (VEBN) के अनुसार, VT-AJV नामक विमान उनके एयरस्पेस में प्रवेश के बाद संपर्क में नहीं आया। इससे विमान की वास्तविक स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। संपर्क टूटने के लगभग आधे घंटे बाद रात 8:05 बजे रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) को सक्रिय किया गया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
इसी बीच सिमरिया थाना क्षेत्र के जंगल में स्थानीय ग्रामीणों ने संदिग्ध धातु का मलबा देखा, जिसमें प्रोपेलर और इंजन जैसे हिस्से होने की चर्चा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक स्तर पर एयर एम्बुलेंस के क्रैश होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि संबंधित एजेंसियों की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
डीजीसीए सूत्रों का कहना है कि रांची से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान रडार से ओझल हो गया था। सभी निर्धारित मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल सात लोगों के सवार होने की जानकारी है, परंतु उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
ये भी पढ़िए………..

