
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन भूमि के दोहन के खिलाफ वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दहेजवार बीट क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध मुरूम उत्खनन और परिवहन का खुलासा होने पर विभाग ने मशीनों और वाहनों को जब्त कर लिया।
बलरामपुर वन परिक्षेत्र के दहेजवार बीट में अवैध रूप से मुरूम मिट्टी की खुदाई और ढुलाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन और मुरूम से लदे दो हाईवा वाहनों को मौके से जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-343 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में बिना अनुमति निकाली गई मुरूम मिट्टी का उपयोग किया जा रहा था। खुदाई और परिवहन के लिए न तो विभागीय अनुमति ली गई थी और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
वन विभाग के अनुसार, निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए लगभग 6600 घन मीटर क्षेत्र में अवैध उत्खनन किया गया था। इसके अलावा बिना रॉयल्टी भुगतान के भारी वाहनों से मुरूम की ढुलाई की जा रही थी। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने करीब तीन लाख रुपये का अर्थदंड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही वन अधिनियम के तहत संबंधित व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल प्रकरण से जुड़ी दस्तावेजी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़िए…………..
वाड्रफनगर में सियासी फेरबदल, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को झटका

