
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के गुरियाही गांव की है, जहां रविवार रात पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने घर के अंदर ही फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार को पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत काचन पंचायत के गुरियाही गांव में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के सागर जिले के मंगरदहा निवासी अरविंद मगरधा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार रविवार को अरविंद ने घर में मटन बनाया था और भोजन करने से पहले शराब भी पी थी। इसी दौरान खाने में बाल मिलने को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हो गई।
स्थिति बिगड़ते देख पत्नी और बच्चे घर छोड़कर पास के एक पड़ोसी के यहां चले गए। कुछ देर बाद जब पत्नी वापस घर लौटी तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर परिजनों ने कच्ची छत से घर के अंदर झांककर देखा तो अरविंद का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। घटना की खबर मिलने के बाद मृतक के मायके पक्ष के लोग भी ससुराल पहुंचने लगे हैं।
मृतक के ससुर नंदू मोची ने बताया कि अरविंद को अक्सर अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक रहता था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। अरविंद अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गया है।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़िए…………….
झुमरी तिलैया में LPG का विकल्प बना PNG, पाइपलाइन गैस से घरों और होटलों को बड़ी राहत

