
रांची। रांची जिले के बुंडू ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुंडू के बाजार टांड़ निवासी अमित साहू और चुतरू गांव निवासी उनके चालक दिलीप मुंडा के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर बुंडू टोल प्लाजा पर करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद देर रात जाम हटाया गया।
पुलिस के अनुसार, अमित साहू शनिवार रात अपने चालक दिलीप मुंडा के साथ बुंडू ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ी के समीप बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दिलीप मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दिलीप मुंडा के शव को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अमित साहू को तत्काल बुंडू अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अमित साहू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजन उन्हें रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अमित साहू ने दम तोड़ दिया।
अमित की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण बुंडू टोल प्लाजा पहुंचे और सड़क पर बैठकर आवागमन रोक दिया।
ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने समेत अन्य मांगों को लेकर सड़क जाम कर दिया। मृतक अमित साहू के भाई समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। जाम के कारण बुंडू टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से बातचीत की। ग्रामीणों की मांगों को लेकर सहमति बनाने तथा उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
बुंडू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ओमप्रकाश ने रविवार को बताया कि ग्रामीणों से बातचीत के बाद देर रात जाम हटा लिया गया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सभी सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया और बुंडू टोल प्लाजा के पास उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के कारणों, ट्रक की गति और चालक की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़ें……
नेपाल में बाढ़ के बाद नई आफत, सड़ने लगे इंसानों और पशुओं के शव… महामारी का खतरा बढ़ा


