
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी की रात निकले जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर नाचने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
गदोखर इलाके में देर रात करीब 12:30 बजे रामनवमी जुलूस के दौरान यह वारदात हुई। पुलिस के मुताबिक, जुलूस में करन यादव डीजे पर नाच रहा था। इसी दौरान रामकुमार साव ने उसे नीचे उतरकर शांत रहने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करन यादव ने गुस्से में रामकुमार साव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रामकुमार साव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद मुख्य आरोपी करन यादव मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान सामने आया कि उसके साथी नीतेश कुमार यादव उर्फ ‘छोटा डॉन’ और उसके पिता अरुण यादव ने आरोपी को छिपाने और वारदात में इस्तेमाल हथियार को ठिकाने लगाने में मदद की।
एसआईटी ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पेलावल थाना प्रभारी वेद प्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी करन कुमार यादव और उसके सहयोगी नीतेश कुमार यादव को कंडसार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरे आरोपी अरुण यादव को छड़वा डैम काली मंदिर के पास से दबोचा गया।
हत्या का हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू (भुजाली) भी बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। एडिशनल एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें……………

