
हजारीबाग। जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित सालगावां रेलवे पुल के नीचे शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
सूचना मिलने के बाद कटकमदाग थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
रेलवे पुल के नीचे शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन कोई भी महिला की पहचान नहीं कर पाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतका के गले में भगवान महादेव (शिव जी) की माला मिलने की जानकारी दी है।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला दुर्घटना का है या फिर आत्महत्या से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
इसे भी पढ़ें………….
मैनपाट में पीलिया का कहर : एक हफ्ते में 5 मौतें, कई मरीज अस्पताल में भर्ती

