
पूर्वी सिंहभूम। शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे दो और आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने सभी 16 आरोपितों को कानून के शिकंजे में ले लिया है। इसकी जानकारी बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) शामिल हैं।
राघवेन्द्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था, जबकि गणेश मछुवा को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना के बाद आरोपितों को फरार कराने और छिपाने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
सिटी एसपी ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी कर मामले की कड़ियों को जोड़ा। इससे पहले 14 नामजद एवं अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। शेष दो आरोपियों की तलाश जारी थी, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में वह दो बार जेल जा चुका है।
सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही हिमांशु हत्याकांड के सभी 16 आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें……
मोरहाबादी में पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर भागा थार चालक गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

