
बलरामपुर। छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार और शासकीय सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा निर्णय लिया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर में पदस्थ संविदा शिक्षक पीयूष कुमार वर्मा की सेवाएं जांच में दोषी पाए जाने के बाद समाप्त कर दी गई हैं। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई है।
छात्र की पिटाई की शिकायत जांच में प्रमाणित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत शिक्षक पीयूष वर्मा के विरुद्ध दर्ज की गई थी। शिकायत की जांच विकासखंड शिक्षा अधिकारी, वाड्रफनगर द्वारा की गई, जिसमें शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई किया जाना प्रमाणित पाया गया।
अन्य गंभीर अनियमितताएं भी आईं सामने
जांच के दौरान विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में यह भी सामने आया कि शिक्षक पीयूष वर्मा द्वारा बिना सूचना के अवकाश में रहना, पाठ्यक्रम के अनुसार अध्यापन कार्य न करना, शिक्षक दैनंदिनी एवं पंजी संधारण में लापरवाही, तथा विद्यालय परिसर में अभद्र आचरण जैसी गंभीर अनियमितताएं की गईं। इसके अतिरिक्त सहकर्मी शिक्षकों के साथ भी दुर्व्यवहार की शिकायतें दर्ज की गई थीं।
आचरण नियमों के उल्लंघन में दोषी
जांचकर्ता अधिकारी एवं विद्यालय प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षक पीयूष कुमार वर्मा का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 01, 02 एवं 03 का उल्लंघन है। आरोपों के प्रमाणित होने के बाद उन्हें दोषी माना गया।
संविदा सेवा से पदच्युत
उपरोक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के तहत दीर्घ शास्ति अधिरोपित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पीयूष कुमार वर्मा, शिक्षक (संविदा), विषय–कला, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रघुनाथनगर की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
शिक्षा विभाग का सख्त संदेश
इस कार्रवाई को शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण को बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा, अनुशासनहीनता या आचरण नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़िए……..
वन क्षेत्र में अवैध मुरूम खनन पर सख्ती, पोकलेन और दो हाईवा जब्त

