बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 27 नवंबर को वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल होंगे। शासकीय हाई स्कूल मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में वे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 71 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 54 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख 37 हजार रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के दो प्रमुख सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वाड्रफनगर विकासखंड में 877.68 लाख रुपये की लागत से भगवानपुर से मेंढ़ारी तक 6 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं रामचंद्रपुर विकासखंड में 492.74 लाख रुपये की लागत से डिंडो-विमलापुर-नवाडीह मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण और उन्नयन होगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत वीबी-जी राम जी योजना से जिले के विभिन्न विकासखंडों में होने वाले निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 61.56 लाख रुपये की लागत से सरकारी स्कूलों में 9 अतिरिक्त कक्ष, 458.98 लाख रुपये से 27 पुलिया और 348.88 लाख रुपये से 25 मिट्टी-मुरुम सड़कों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा 3180.78 लाख रुपये की लागत से 609 अन्य निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 1431.84 लाख रुपये की लागत वाली 7 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। बलरामपुर विकासखंड के भैंसामुंडा, दलधोवा, खुर्रा और नवाडीहखुर्द तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के कुर्लुडीह, धनपुरी और तामेश्वरनगर में इन योजनाओं से ग्रामीणों को पेयजल सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल रामानुजगंज में 36.10 लाख रुपये की लागत से स्थापित डायलिसिस यूनिट का भी लोकार्पण होगा। इससे किडनी रोगियों को डायलिसिस के लिए जिले से बाहर जाने की जरूरत कम होगी। इसके साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत 140.28 लाख रुपये की लागत से बने 12 आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजपुर और चांदो में नवनिर्मित राजस्व कार्यालय भवनों का भी लोकार्पण होगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजपुर में 48.03 लाख रुपये की लागत से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन और कुसमी विकासखंड के चांदो में 71.12 लाख रुपये की लागत से तहसील कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। इन भवनों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इसे भी पढ़ें…..
भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार






