
बलरामपुर। बलरामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत डौरा में बुधवार को आयोजित सेवा सेतु शिविर में कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव तक पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने अपनी उपस्थिति में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
कृषि मंत्री ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और जनता के बीच भरोसे का माध्यम है। पहले ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासन गांव तक पहुंचकर समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने और किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की अपील की।
कृषि मंत्री ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर किसानों से सीधे दूध खरीदने और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आने वाले समय में दूध संग्रहण केंद्र शुरू किए जाएंगे। इससे पशुपालकों को गांव में ही दूध का उचित मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने जिले में प्रयास आवासीय विद्यालय शुरू किए जाने की भी जानकारी दी, जहां दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।
शिविर में कृषि मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें स्वस्थ मातृत्व की शुभकामनाएं दीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर में कुल 137 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत बलरामपुर की अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, जिला पंचायत सदस्य अनीता मरकाम, कृष्णा गुप्ता, सुषमा मिंज, एसडीएम विवेक चन्द्रा, जनपद सीईओ दीपराज कांत सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें……..
बेहद दु:खद खबर : नहीं रहीं सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन


