
बलरामपुर। जिले के कुसमी क्षेत्र में आज सोमवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 17 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG 15 DP 2749 सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे देवरी से प्रेमनगर की ओर काली मिट्टी लेने जा रहा था। करौंधा से लगभग एक किलोमीटर आगे अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और पिकअप सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय पिकअप में बच्चों समेत करीब 20 लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया।
हादसे में देवरी, थाना करौंधा निवासी सूरजमणि पति बालेश्वर और किरण पति कपिल की मौत हो गई। वहीं, नौ गंभीर घायलों को कुसमी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज कुसमी अस्पताल में जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। प्रारंभिक जांच में पिकअप का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें……..
डौरा के जंगल में मिली सिर कटी लाश का खुलासा, पति-पत्नी समेत दो आरोपित गिरफ्तार


