
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र की डौरा पुलिस ने वसीम अंसारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आज सोमवार को सामने आए मामले में आरोपितों ने कुल्हाड़ी से हमला कर वसीम की हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का प्रयास किया था। पुलिस ने अपराध की सूचना मिलने के कुछ घंटों के भीतर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने अपने जारी विज्ञप्ति में बताया कि, 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी एक्टिवा स्कूटी से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों और रिश्तेदारों के स्तर पर तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। अगले दिन 3 अक्टूबर की सुबह उसकी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली। इसके बाद परिजन ने डौरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वसीम के भाई से पहचान कराई। भाई ने कटा हुआ सिर वसीम अंसारी का होने की पुष्टि की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो की भूमिका सामने आई। पुलिस का कहना है कि मनबासो और वसीम के बीच पूर्व से संबंध थे। घटना वाली शाम करीब 7 बजे मनबासो ने मोबाइल फोन से वसीम को मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस के अनुसार, उसके पहुंचने के बाद मनबासो और सोनू ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और अपराध छिपाने के लिए शव को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस ने सोनू खैरवार (30) और मनबासो (25) निवासी ग्राम कोटडीह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इसे भी पढ़ें………..
विजयनगर स्कूल में अचानक मधुमक्खियों का हमला, 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल


