
बलरामपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर बलरामपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस वर्ष के पहले नौ माह में शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 1001 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इन मामलों में एक करोड़ 13 लाख 15 हजार 400 रुपये समन शुल्क वसूला गया है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान 251 वाहन चालकों के लाइसेंस जब्त किए गए, जिनमें से 144 लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा 163 प्रकरण अभी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाना शेष है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
बलरामपुर पुलिस ने वाहन चालकों से शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही लोगों से नशे में वाहन चलाने वाले व्यक्ति को रोकने और सुरक्षित साधन से घर पहुंचाने में सहयोग करने को कहा है।
पुलिस ने संदेश दिया है कि नशे में वाहन चलाना जीवन को खतरे में डालना है। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें……..


