
बलरामपुर। बलरामपुर विकासखंड के ग्राम कोटपाली-खजुरी में कन्हर नदी के तेज बहाव के बीच फंसे तीन ग्रामीणों को जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने देर रात सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें सरजू पिता लंगड़ा चेरवा, राजकुमारी पति सरजू और फूलमनिया पति बेसर शामिल हैं। तीनों ग्राम परसाटोली के निवासी हैं और कोटली पंचायत क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों ग्रामीण रिश्तेदारी के सिलसिले में ग्राम कोटपाली आए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे कन्हर नदी पार कर रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही अचानक जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण तीनों बीच धार में फंस गए। काफी देर तक उनके बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। मामले की जानकारी जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव को भी दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शाम को नगर सेना के गोताखोरों की टीम नाव के साथ मौके पर पहुंची। तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे के प्रयास के बाद रात करीब 12 बजे सरजू, राजकुमारी और फूलमनिया को नाव के सहारे सुरक्षित रूप से नदी से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई थी। यदि जलस्तर में थोड़ी और वृद्धि होती तो तीनों ग्रामीणों के लिए खतरा बढ़ सकता था। सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर सेना की रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हो सका। उन्होंने नदी में तेज बहाव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने तथा नदी पार करने से बचने की अपील की।
इसे भी पढ़ें……….
देवघर में बाबा मंदिर के पास पति से बिछड़ी महिला लापता, तलाश जारी


