
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। रामानुजगंज शहर को व्यवस्थित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने अभियान की शुरुआत की है। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक-4 से निर्वाचित पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर उन्होंने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘बेटर सिटिज’ अभियान के तहत ‘हम बनाएंगे बेहतर रामानुजगंज’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
अभियान के तहत कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता नगरपालिका क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों और गली-मोहल्लों में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और लोगों की मांगों की जानकारी ली जाएगी।
सफाई, सड़क और पेयजल समेत समस्याओं पर फोकस
जनसंपर्क अभियान के दौरान सफाई, सड़क, नाली, पेयजल समेत नगरपालिका क्षेत्र की अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। लोगों से बातचीत कर यह जानने की कोशिश की जाएगी कि उनके वार्ड में किन समस्याओं का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि शहर के विकास के लिए जरूरी है कि आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुना जाए। इसी उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे।
सफाई कर्मियों और छोटे कारोबारियों से भी संवाद
अभियान के दौरान केवल वार्डों में रहने वाले लोगों से ही नहीं, बल्कि शहर में रोजमर्रा की गतिविधियों से जुड़े अलग-अलग वर्गों से भी बातचीत की जाएगी। सफाई कर्मियों, ठेला व्यापारियों, चौपाटी संचालकों, सब्जी विक्रेताओं और गली-मोहल्लों में रहने वाले लोगों से उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली जाएगी।
इन सुझावों और समस्याओं को एकत्र कर शहर के विकास के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई है।
समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाने की पहल
प्रतीक सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल लोगों की समस्याएं सुनना नहीं है। सामने आने वाले प्रमुख मुद्दों को संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वार्डों में जनसंपर्क के दौरान जिन समस्याओं को प्राथमिकता की जरूरत होगी, उन्हें प्रमुखता से उठाया जाएगा। इससे शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को व्यवस्थित तरीके से सामने लाने में मदद मिलेगी।
‘जनता की भागीदारी से बनेगा बेहतर रामानुजगंज’
कांग्रेस का कहना है कि शहर के विकास में जनता की भागीदारी जरूरी है। इसी सोच के साथ अभियान के जरिए लोगों को विकास से जुड़े मुद्दों पर सीधे संवाद का मंच देने की कोशिश की जा रही है।
अभियान की शुरुआत के साथ कांग्रेस ने संकेत दिया है कि शहर की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी लगातार जनता के बीच जाकर संवाद किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें……
टेरर फंडिंग केस में बड़ा फैसला, 12 दोषियों को 8 से 10 साल की सजा


