
बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में बुधवार शाम महिला मजदूरों से भरी पिकअप के हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को परिवहन और पुलिस विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ढोने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते मिले तीन पिकअप वाहनों पर कुल 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो वाहनों को जब्त कर लिया गया।
बलरामपुर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार शाम शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलटने की दर्दनाक घटना के बाद गुरुवार को परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विकासखंड शंकरगढ़ में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान तीन पिकअप वाहन मालवाहक होने के बावजूद उनमें सवारियों का परिवहन करते पाए गए। इस पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक वाहन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं दो अन्य पिकअप वाहनों को जब्त कर शंकरगढ़ थाना में खड़ा कराया गया और उन पर नियमानुसार 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान कुल 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सभी वाहन मालिकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मालवाहक वाहनों में किसी भी परिस्थिति में सवारियों का परिवहन न करें। यह न केवल मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालता है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें……….
एक ही स्कूटी पर सवार था पूरा परिवार, खड़े ट्रैक्टर में घुसते ही 4 की मौत

