
तेहरान/वाशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका ने लगातार तीसरी रात ईरान के कई बंदरगाह शहरों और रणनीतिक ठिकानों पर हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला कर दिया। यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस हमले में एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।
यूएई रक्षा मंत्रालय ने बताया कि घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंत्रालय ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि यूएई को अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत जवाबी कार्रवाई का अधिकार है।
अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरान के बंदर अब्बास, किश, केशम और अबू मूसा द्वीप समेत कई स्थानों पर सैन्य कार्रवाई की गई। ईरानी मीडिया ने भी इन क्षेत्रों में विस्फोटों की पुष्टि की है और दावा किया है कि अमेरिका ने ड्रोन हमले किए।
सेंटकॉम ने यह भी घोषणा की है कि मंगलवार शाम से ईरानी बंदरगाहों पर आने-जाने वाले जहाजों की नौसैनिक नाकाबंदी दोबारा लागू की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नौ प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच भी हमले तेज हो गए हैं। सऊदी अरब ने एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने का दावा किया है, जबकि हूती विद्रोहियों ने सऊदी हवाई हमलों में सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाए जाने की बात कही है।
इस बीच फारस की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार कई रीफ्यूलिंग टैंकर, निगरानी विमान और अन्य सैन्य विमान क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिससे व्यापक सैन्य अभियान की आशंका जताई जा रही है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक रेडियो साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका ईरान पर सैन्य दबाव जारी रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने समझौतों का पालन नहीं किया और अमेरिका अंततः होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण स्थापित करेगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय सहयोगी देशों से सैन्य अभियानों की लागत में योगदान देने की बात भी कही।
इसे भी पढ़ें……..
कटिहार में पाकिस्तान से कथित आतंकी कनेक्शन का खुलासा, युवक गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

