
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। सरगुजा और बलरामपुर जिले के उपभोक्ताओं को मंगलवार 9 जून को तीन घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत विभाग द्वारा 220/132 केवी सबस्टेशन विश्रामपुर में आवश्यक रखरखाव (मेंटेनेंस) कार्य किए जाने के कारण इमरजेंसी शटडाउन लिया जा रहा है।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शटडाउन सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सबस्टेशन से निकलने वाली सभी विद्युत लाइनों की आपूर्ति बंद रहेगी, जिससे दोनों जिलों के अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।
बताया गया है कि शटडाउन का असर सरगुजा जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सबस्टेशनों तथा बलरामपुर जिले के समस्त सबस्टेशनों पर पड़ेगा। इसके कारण निर्धारित समयावधि में संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने आम नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लें तथा बिजली कटौती के दौरान सहयोग प्रदान करें। विभाग का कहना है कि रखरखाव कार्य पूरा होते ही विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी।
विभाग के अनुसार यह कार्य विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें…….

