
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज स्थित नगर के वार्ड क्रमांक 09 स्थित फकिरवा नाला में रविवार बड़ी मात्रा में फेंकी गई एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स और फैली गंदगी को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। ऑफबीट न्यूज द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया। नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल और सीएमओ सुधीर कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद सीएमओ एवं स्वच्छता दीदी की टीम मौके पर पहुंची और नाले की साफ-सफाई कराई गई।
गौरतलब है कि फकिरवा नाला में बड़ी संख्या में एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स की बोतलें फेंक दिए जाने से क्षेत्र में बदबू फैल गई थी। नाले के आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और गंदगी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने संक्रमण फैलने की आशंका जताते हुए नगरपालिका से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
फकिरवा नाला से होकर गुजरने वाला मार्ग पुरानडीह सहित आसपास के कई गांवों को रामानुजगंज नगर से जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इस रास्ते से आवागमन करते हैं। ऐसे में नाले में फैली गंदगी और फेंकी गई कोल्ड्रिंक्स पर्यावरण के साथ-साथ पशुओं के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रही थी।
मामले की जानकारी मिलते ही नगरपालिका सीएमओ सुधीर कुमार और स्वच्छता दीदियों की टीम मौके पर पहुंचकर नाले से बोतलें हटवाईं और पूरे क्षेत्र की सफाई कराई। सीएमओ सुधीर कुमार ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक की कांच की बोतलों को नष्ट नहीं किया जाएगा, बल्कि उनका पुनः उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं इन बोतलों से आकर्षक और उपयोगी सामग्री तैयार करेंगी, जिन्हें बाजार में बेचकर आय का साधन बनाया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई के लिए नगरपालिका प्रशासन की सराहना की है। वहीं लोगों ने नगर में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
इसे भी पढ़ें…..
तेज रफ्तार का कहर : हजारीबाग में अनियंत्रित ट्रेलर ने मचाई तबाही, दो की मौत

