
बलरामपुर। जिले के थाना रघुनाथनगर पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में जनकपुर निवासी बंधू सिंह आयाम को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गए थे। बाजार से वापस लौटते समय रात करीब 9 से 10 बजे के बीच आरोपित बंधू सिंह ने पीछे से टांगी से राम प्रसाद की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद राम प्रसाद मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए अंबिकापुर भेजा गया, जहां 14 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना रघुनाथनगर में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और आरोपित की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बंधू सिंह को 15 मई को जनकपुर के जंगल से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण राम प्रसाद पर हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी झाड़ियों से बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें………
गुमला रिमांड होम में बड़ी चूक : दीवार फांदकर फरार हुए तीन नाबालिग, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

