
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोग गर्म हवाओं से परेशान हैं। ऐसे समय में रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत चिनिया के पूर्वपारा सीधाटाड़ वार्ड क्रमांक छह बाजार पारा के ग्रामीण पिछले एक माह से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। मोहल्ले में लगा विभागीय 25-30 केवी का बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से करीब 10 से 12 घरों की बिजली पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और पत्राचार के बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रांसफार्मर वर्ष 2018-19 में लगाया गया था, जिसके माध्यम से मोहल्ले के घरों में नियमित बिजली आपूर्ति की जा रही थी। ग्रामीण समय पर बिजली बिल का भुगतान भी करते रहे हैं। लेकिन 10 अप्रैल 2026 को अचानक हाई वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हुई, जिससे तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसके बाद से पूरे मोहल्ले की बिजली व्यवस्था बंद पड़ी है।
ग्रामीणों का कहना है कि, एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। दिन में तेज गर्मी और उमस के बीच न पंखा चल पा रहा है और न ही कूलर। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज करना तक मुश्किल हो गया है। कई घरों में पीने के पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि, इस संबंध में ग्राम पंच और सरपंच द्वारा कुछ दिन पूर्व विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, रामचंद्रपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष मुद्रिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को लिखित पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया था। बावजूद इसके अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय पर बिजली बिल जमा करने के बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
वहीं, इस मामले में विद्युत विभाग के ईई पीके अग्रवाल ने कहा कि, मामला संज्ञान में आया है। एक माह से अधिक समय बीत चुका है। आज ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल कार्रवाई कराई जाएगी।





इसे भी पढ़ें……
कोकर से लापता मासूम पर सियासत तेज : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस को दिया 36 घंटे का अल्टीमेटम

