
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बुजुर्ग मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के समीप घटी। मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव निवासी 70 वर्षीय बासदेव साव और 65 वर्षीय लखिया देवी (पति लखपत साव) के रूप में हुई है। इस हादसे में इसी गांव के 65 वर्षीय धनपत साव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह मजदूरी करने के लिए पैदल माखमरगो इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बासदेव साव और लखिया देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि धनपत साव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे को अंजाम देने के बाद चालक पिकअप वैन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिरनी थाना पुलिस को दी और घायल धनपत साव को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना पाकर बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। इधर, हादसे के बाद जितकुंडी गांव में मातम पसरा है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरिया-राजधनवार मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से गति सीमा निर्धारित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें…………..

