
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। छत्तीसगढ़ समेत बलरामपुर जिले में हर वर्ष सर्पदंश से होने वाली मौतें चिंता का बड़ा कारण रही हैं। ऐसे में अब एक अनोखा वैज्ञानिक नवाचार ग्रामीणों और किसानों के लिए सुरक्षा की नई उम्मीद लेकर आया है। झारखंड के राजधनवार स्थित आदर्श कॉलेज के प्राचार्य एवं प्रख्यात गणितज्ञ प्रो. डॉ. बिमल कुमार मिश्रा द्वारा विकसित ‘एंटी-स्नेक शू’ तकनीक को भारतीय पेटेंट मिल गया है, जो जल्द ही बाजार में उपलब्ध हो सकती है।
ऑफबीट न्यूज से बातचीत में प्रो. डॉ. बिमल कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें अभिनव तकनीक पर 13वां पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह विशेष जूता/बूट इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसके हील और मिडसोल में सक्रिय एवं निष्क्रिय कंपन उत्पन्न करने वाला मॉड्यूल लगाया गया है, जो 20 से 80 हर्ट्ज़ की निम्न-आवृत्ति के कंपन पैदा करता है। यह कंपन जूते के आउटसोल के माध्यम से जमीन में प्रसारित होता है, जिससे सांप पहले ही खतरे का संकेत पाकर दूर भाग जाते हैं। कंपन से शरीर को किसी भी प्रकार का कोई भी नुकसान नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि इस जूते में लायन बैटरी का उपयोग किया गया है, जो लगातार 240 से 360 घंटे तक कार्य करती है। बैटरी पूरी पूरी तरह टिकाऊ है और खत्म होने पर इसे आसानी से बदला जा सकता है।

प्रो. मिश्रा के अनुसार यह जूता पूरी तरह वाटरप्रूफ और मडप्रूफ है, जिससे खेतों, जंगलों और दलदली क्षेत्रों में भी इसका उपयोग सुरक्षित रूप से किया जा सकता है। खास बात यह है कि जूते से निकलने वाला कंपन इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि यह केवल सांप और कुछ कीटों द्वारा ही महसूस किया जाता है, जिससे वे दूर भाग जाते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि, भारत सरकार जल्द ही किसी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी को इसके उत्पादन के लिए टेंडर जारी करेगी और संभवतः एक वर्ष के भीतर यह जूता भारतीय बाजार में उपलब्ध हो जाएगा। इसकी कीमत लगभग 2000 रुपये रखी गई है, ताकि किसान और ग्रामीण वर्ग भी इसे आसानी से खरीद सकें।
छत्तीसगढ़, विशेषकर बलरामपुर जिले के किसान, जो अक्सर धान के खेतों, जंगलों और खुले इलाकों में काम करते हैं, उनके लिए यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। यदि यह नवाचार सफलतापूर्वक लागू होता है, तो सर्पदंश से होने वाली मौतों में कमी लाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा।
इसे भी पढ़ें………….
हनुमान जन्मोत्सव पर रिलीज हुआ ‘रामायण’ का टीजर, रणबीर कपूर का दिखा ‘श्रीराम’ अवतार

