
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। चैत्र मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव के तहत रामानुजगंज नगर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। मध्य बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज रहा है, वहीं भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
सुबह 8:30 बजे से मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चना का क्रम प्रारंभ हुआ, जिसके साथ ही सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का अखंड पाठ जारी है। बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मंदिर परिसर में चल रहे सामूहिक सुंदरकांड पाठ ने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया है।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है। दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार बना हुआ है, जिससे मध्य बाजार क्षेत्र में खासा उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, आज गुरुवार शाम 4 बजे प्राचीन हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कन्हर नदी तट स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के साथ भक्तों का उत्साह चरम पर रहने की संभावना है।
समापन स्थल पर पूजा-अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर पूरे रामानुजगंज में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का अनूठा वातावरण बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें…….

