
पूर्वी सिंहभूम। जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले संदिग्ध जिंदा बम ने चिंता बढ़ा दी है। प्रशासनिक कार्रवाई में देरी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बरागाड़िया पंचायत के पानीपड़ा-नागुड़साई स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर संदिग्ध जिंदा बम मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि इतनी संवेदनशील स्थिति के बावजूद अब तक बम निष्क्रिय करने के लिए कोई तकनीकी दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा है। प्रशासनिक स्तर पर हो रही देरी के चलते खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग बम के बेहद करीब पहुंच रहे हैं। कई ग्रामीण इसे खिलौना समझकर उसके साथ सेल्फी लेते नजर आए, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। मौके पर पहुंचे बहरागोड़ा सर्कल के आरक्षी निरीक्षक अनिल कुमार नायक ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई है और सेना के विशेषज्ञों की टीम आने के बाद ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा सकेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र पहले भी इस तरह की घटनाओं का गवाह रहा है। उनका कहना है कि वर्षों पहले यहां एक विमान से सामग्री गिराई गई थी, जिसमें विस्फोटक भी शामिल थे। उस समय कुछ सामग्री तो बरामद कर ली गई थी, लेकिन कई भारी वस्तुएं बालू में दब गई थीं। अब नदी के बहाव के कारण वे वस्तुएं धीरे-धीरे बाहर आ रही हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि नदी के नीचे अभी भी कई विस्फोटक दबे हो सकते हैं।
प्रशासन की सुस्त कार्रवाई और लोगों की लापरवाही मिलकर इस पूरे मामले को बेहद खतरनाक बना रही है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह स्थिति किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
इसे भी पढ़िए…………..
खल्लारी मंदिर में बड़ा हादसा: रोप-वे केबल टूटा, 20 फीट नीचे गिरी ट्रॉली; कई श्रद्धालु घायल

