
रांची। झारखंड में गुरुवार को मौसम ने खतरनाक रुख अपना लिया है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सिस्टम के चलते पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
राज्य में गुरुवार को मौसम पूरी तरह से बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दोपहर बाद कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। रांची, धनबाद, दुमका, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग जिलों में तेज आंधी के साथ ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा अधिक बताया गया है।
वहीं खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। खासकर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों और किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में सबसे अधिक 15 मिमी वर्षा हुई, जबकि रांची और गुमला में ओलावृष्टि भी देखी गई। लगातार बादल और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कोडरमा में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे रात में ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान खेतों में जाने से बचें, क्योंकि ओलावृष्टि और वज्रपात से फसलों को नुकसान हो सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि 22 मार्च के बाद मौसम के साफ होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और राज्य में मौसम सामान्य हो जाएगा।
ये भी पढ़िए………..
प्रधानमंत्री आवास व मनरेगा में 10 लाख से अधिक का गबन उजागर, दो आरोपित गिरफ्तार

