
रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के 17 जिलों में 16 मार्च को तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शनिवार को दी।
मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है उनमें गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 18 मार्च तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और हल्की बारिश के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है।
गर्मी बढ़ने से ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ी
इधर, राज्य में धीरे-धीरे गर्मी का असर भी बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। इसके कारण दिन में लोगों को तेज गर्मी का एहसास हो रहा है और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है।
गर्मी बढ़ने के साथ बाजार में पंखे, एसी और कूलर की बिक्री भी तेज हो गई है। साथ ही बिजली की खपत में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप रही। दोपहर के समय लोगों को काफी गर्मी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 39.2 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39.0 और न्यूनतम 17.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.1 और न्यूनतम 17.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़े………..
OFFBEAT IMPACT : घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन की कार्रवाई, 13 सिलेंडर जब्त

