
बलरामपुर। जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिसमें फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसा सुबह करीब 9 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम मोहली के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता (44) चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे क्लिंकर लदे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में ट्रेलर के केबिन हिस्से में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैल गई, जिससे ट्रेलर चालक अरबाज (28) केबिन के अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आग और धुएं के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही मिनटों में पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
उधर ट्रक चालक संतोष गुप्ता टक्कर के बाद केबिन में फंस गए थे। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए ट्रक का शीशा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाला। वे गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था और चालक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को फिर से सुचारु कराया। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में शोक का माहौल बना दिया है।
ये भी पढ़िए……

