
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज से ताल्लुक रखने वाले युवा लोक गायक आनंद मिश्रा इन दिनों अपने भोजपुरी गीतों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। खास बात यह है कि आनंद मिश्रा रामानुजगंज के मध्य बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी भी हैं और सीमित समय निकालकर गायिकी को भी पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहे हैं।
आनंद मिश्रा की गायिकी रामानुजगंज के साथ-साथ झारखंड के सरहदी क्षेत्र गढ़वा तक लोकप्रिय हो चुकी है। धार्मिक जागरणों और भक्ति कार्यक्रमों में जब वे प्रस्तुति देते हैं, तो श्रोता पूरी तरह मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। उनकी आवाज़ में भक्ति के साथ-साथ लोकभावना की सादगी साफ झलकती है।
उनके यूट्यूब चैनल “आनंद मिश्रा ऑफिशियल” पर जारी कई भोजपुरी गीतों को हजारों की संख्या में व्यूज मिल चुके हैं। मिले अइह रामानुजगंज में, बेहला के मेला, जिला बलरामपुर, चननी ताने चलले, हे गणनायक जैसे गीत श्रोताओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं और लगातार साझा किए जा रहे हैं।
आज बलरामपुर जिले के अधिकांश धार्मिक आयोजनों में आनंद मिश्रा के गीत सुनाई देना आम हो गया है। एक ओर वे मंदिर में पुजारी के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोकगायक के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। युवा उम्र में मिली यह लोकप्रियता उनके समर्पण और साधना का परिणाम मानी जा रही है।
ये भी पढ़िए……….
बलरामपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह, 150 जोड़े एक साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश

