रांची। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद जफर इस्लाम ने इंडी एलायंस और हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा। जफर इस्लाम रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि हेमंत सोरेन के खिलाफ करप्शन से जुड़े कई पुख्ता प्रमाण ईडी के पास हैं। आखिर गलत नहीं किया तो क्यों डर रहे। भागने से बच भी नहीं सकते। अंततः उन्हें जेल भी जाना ही होगा। इसी आशंका में वे ईडी के पास छह-छह समन के बावजूद नहीं गये हैं।
उन्होंने किसी अधिकारी का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ अधिकारी अपनी करतूत से यहां जेल तक जा चुके हैं। कई और अधिकारी भी ऐसे हैं, जिन्हें लगता है कि वे आजीवन वर्तमान मुख्यमंत्री के संरक्षण में सुरक्षित रहेंगे। साथ ही इस आधार पर वे करप्शन में भी लिप्त हैं। यह भी तय है कि वे जांच एजेंसियों के राडार पर हैं। उनके खिलाफ रिकॉर्ड जांच एजेंसियों के पास हैं। अंततः उन्हें भी जेल जाना होगा।

सैयद इस्लाम ने कहा कि घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गिरोह है। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारियों के स्लीपर सेल का सरगना और उनकी राज्य सरकारें स्लीपर सेल। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार भ्रष्टाचार की देन है। यहां आकंठ भ्रष्टाचार है। बंगाल में बुआ भतीजा, बिहार में नीतीश लालू, तमिलनाडु में स्टालिन और उनके दामाद, केरल में वामपंथी सभी लूट में शामिल हैं। इन सरकारों को जनता की भलाई से कुछ भी लेना देना नही। इन्हें केवल अपने परिवार की चिंता है।
उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन अब लठबंधन बन चुका है। ये संवैधानिक संस्थाओं पर लाठी मार रहे। कभी आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनने पर अपमानित करते हैं। कभी गरीब जाट किसान परिवार से आए उप राष्ट्रपति का अपमान करते हैं। राहुल गांधी मिमिक्री का वीडियो बनाकर संसद को लाफ्टर शो की तरह चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सांसदों का निलंबन उचित है जब प्रतिनिधि संविधान और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो जाएं।
ये भी पढ़िए………..
मुख्तार अंसारी के करीबी बिल्डरों पर एलडीए की बड़ी कार्रवाई, अस्पताल सील, एफआई टॉवर अवैध घोषित