
रांची। झारखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान पलामू जिले के ऊंटारी रोड में सबसे अधिक 185 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। डाल्टनगंज में 65.6 मिलीमीटर और रांची में 21.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
29 अगस्त तक मौसम को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने 29 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रांची में सुबह से बरसे बादल
मंगलवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हुई। दोपहर के बाद भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा।
लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद रांची का मौसम ठंडा और सुहाना हो गया।
राज्य में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 25 अगस्त तक झारखंड में कुल 676.1 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य रूप से 751.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी।
इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
प्रमुख शहरों का तापमान
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 26.5 डिग्री, डाल्टनगंज में 30.7 और 25.7 डिग्री, बोकारो में 30.2 और 24.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति पर भी नजर रखनी होगी।
इसे भी पढ़ें…….
आधी रात के बाद अचानक धंसने लगी जमीन, सीसीएल का लंकास्टर अस्पताल भी आया जद में


