
रांची। झारखंड में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम ने करवट ली है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश से राहत की उम्मीद जगी है, हालांकि उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मंगलवार सुबह से ही रांची समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई थी, लेकिन इससे तापमान में खास गिरावट नहीं आई, उल्टा उमस बढ़ गई।
रांची के अलावा लातेहार और गुमला में भी हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सोमवार को रांची, जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा और सरायकेला में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बोकारो, चतरा, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, गुमला और लोहरदगा में भी मौसम बदलने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 28 और 29 अप्रैल को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, लोहरदगा, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में गर्जन, वज्रपात और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
वहीं 30 अप्रैल को रांची, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में आंधी के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होगा और अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
देवघर, दुमका, पाकुड़ और साहिबगंज में तापमान अपेक्षाकृत कम (32 से 39 डिग्री) रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान अधिक रहने से गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
इसे भी पढ़ें……………
अंबिकापुर में पुलिस की बोलेरो लेकर भागा बदमाश, डीएसपी का मोबाइल बना सुराग, आरोपित गिरफ्तार

